PM Narendra Modi Birthday : आज 73 साल के हो गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जानें उनके जीवन से जुड़े कुछ रोचक किस्से
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 73 साल के हो गए हैं। रविवार 17 सितंबर को अपना 73वां जन्मदिन मना रहे हैं पीएम मोदी ।भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को खास तरीके से मनाने की योजना बनाई है । पीएम मोदी के जन्मदिन पर बीजेपी 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी के जन्मदिन यानी 2 अक्टूबर तक देशभर में सेवा पखवाड़ा आयोजित कर रही है । वहीं, दिल्ली भाजपा के नेताओं ने भी राजधानी में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन मनाने की खास तैयारी की है । रविवार को पीएम मोदी अपना जन्मदिन किस तरह मनाते हैं इस पर सभी की नजर है ।
गुजरात के वडनगर रेलवे स्टेशन पर चाय बेचकर सफर की शुरुआत करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की अध्यक्षता में जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन कर विश्व को भारतीयों के हौसलों से रूबरू करा दिया। प्रधानमंत्री मोदी यूं तो किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं, क्योंकि उनका विराट व्यक्तित्व अपने आपमें पूरी कहानी बयां करता है।
पीएम मोदी का जन्म गुजरात के वडनगर में 17 सितंबर 1950 को हुआ था। उन्होंने अपने जीवन की शुरुआत वडनगर रेलवे स्टेशन पर चाय बेचने से की। इसके बाद पीएम मोदी राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ से जुड़े। यहां उन्होंने कार्यकर्ता और प्रचारक की भूमिका निभाई। फिर देखते ही देखते वे गुजरात के मुख्यमंत्री बने और देश के प्रधानमंत्री भी बनें। बता दें कि पीएम मोदी आज विश्वभर में सबसे ज्यादा पॉपुलर नेता हैं। लेकिन क्या आपको उनके जीवन से जुड़े कुछ रोचक किस्से पता हैं। बता दें कि साल 2001 से 2014 तक वो गुजरात के मुख्यमंत्री थे। वहीं 2014 से वर्तमान में अबतक वे देश के प्रधानमंत्री हैं।
वह आजाद भारत में पैदा होने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं । साधारण परिवार से आने वाले पीएम मोदी का सफर काफी संघर्षों से भरा रहा है । उनका पूरा परिवार एक छोटे से एक मंजिला घर में रहा करता था । हालांकि, चुनौतियों के बाद भी पीएम मोदी ने अपने सपनों के लिए लड़ना नहीं छोड़ा । आज वह देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे प्रमुख नेताओं में से एक हैं । जब वक्त में पीछे मुड़कर देखा जाता है, तो हमें पीएम मोदी के बचपन के समय ही सफलता के बीज नजर आ जाते हैं। युवा नरेंद्र की कई ऐसी कहानियां और किस्से हैं, जो दिखाते हैं कि वह बचपन में कितने मेहनती और साहसी थी। कुछ कहानियां ऐसी भी हैं, जो बताती हैं कि पीएम मोदी की किस्मत में बचपन से ही महान बनना लिखा हुआ था ।
पीएम मोदी हमेशा साफ-सुथरे कपड़े पहने हुए नजर आते हैं. उनकी अपनी ये आदत बचपन से ही विकसित कर ली थी । उनके चाचा ने उन्हें कैनवास के जूते गिफ्ट में दिए थे, जिन्हें वह स्कूल से लाए गए बेकार पड़े चॉक के टुकड़ों से सफेद करते थे । वह अपनी ड्रेस को हमेशा साफ रखते थे । सोने से पहले वह उसे मोड़कर अपने तकिए के नीचे रख देते थे । सुबह में वह गर्म पानी से भरे धातु के गिलास का उपयोग करके ड्रेस को इस्त्री किया करते थे ।
पीएम मोदी वडनगर के बी एन हाई स्कूल में पढ़ते थे, जहां दो टीमों के बीच एक इंट्रा-स्कूल कबड्डी मैच आयोजित किया गया । एक टीम में युवा खिलाड़ी थे और जबकि दूसरे में ज्यादा उम्र के खिलाड़ी थे । चूंकि युवा खिलाड़ियों वाली टीम हर बार हार जाती थी, इसलिए उन्होंने मोदी से रणनीति बनाने को कहा । फिर पीएम मोदी एक ऐसी योजना लेकर आए जिससे उनकी टीम को मैच जीतने में मदद मिली ।
नरेंद्र मोदी ने एक बार अपने स्कूल में ‘पीलो फूल’ नाम से एक नाटक लिखा था । उन्होंने इस नाटक में अभिनय भी किया था. यह नाटक एक अछूत महिला के दुख से जुड़ा हुआ था, जिसे मंदिर परिसर में आकर पूजा करने की इजाजत नहीं थी ।
अपने शुरुआती दिनों में नरेंद्र मोदी को चाय की दुकान पर काम करते हुए अपनी पढ़ाई करनी पड़ती थी । वह काम और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाकर अपना जीवन जी रहे थे । इसकी वजह ये थी कि उन्हें बड़ी मुश्किल से अपना गुजारा करना पड़ रहा था । पीएम मोदी के स्कूल के दोस्त के मुताबिक, वह शुरू से एक मेहनती बच्चे थे, जिसे मुद्दों पर बहस करना और किताबें पढ़ना पसंद था । वह लाइब्रेरी में घंटों बिताया करते थे और उन्हें तैराकी भी पसंद थी ।
प्रधानमंत्री से जुड़े कुछ रोचक किस्से :
- बता दें कि 8 साल की उम्र में ही नरेंद्र मोदी ने आरएसएस के जूनियर कैडर को ज्वाइन कर लिया था। इस दौरान उनके मार्गदर्शक और गुरु बने लक्ष्मणराव इनामदार।
- पीएम मोदी पहले साधु बनना चाहते थे। जानकारी के मुताबिक करीब दो साल उन्होंने हिमालय में एकांत में बिताया, जहां उन्होंने ध्यान और सनातन दर्शन का पालन किया।
- आजादी के बाद पैदा होने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं नरेंद्र मोदी।
- पीएम मोदी के नाम पर मोदी जैकेट ने दुनियाभर में ख्याती बटोरी और इसे वैश्विक ब्रांड बनाने में उनका योगदान है।
- एक्स यानी ट्विटर पर पीएम मोदी के 92 मिलियन फॉलोवर्स हैं। यह दर्शाता है कि वे कितने लोकप्रिय नेता हैं।
- स्कूल के दिनों में पीएम मोदी की रूचि थिएटर में थी, जहां उनकी राजनीतिक छवि को आकार मिला।
- पीएम नरेंद्र मोदी को कविता लिखने का काफी शौक है, साथ ही वो किताबों को पढ़ने का भी शौक रखते हैं।
- बतौर गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पीएम मोदी ने केवल 3 निजी स्टाफ ही अपने साथ रखे, साथ ही अपने 13 साल के कार्यकाल में कथित तौर पर उन्होंने एक भी छुट्टी नहीं ली।
- पीएम नरेंद्र मोदी को साल 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया गया था। इस दौरान वे किसी भी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव नहीं जीते थे।