Asian Games 2023 : एशियन गेम्स में भारत ने रचा इतिहास, 100 मेडल हुए कंफर्म
नई दिल्ली: चीन के हुआंगझू में आयोजित 19वें एशियाई खेलों का आज तेरहवां दिन है । भारत विभिन्न खेल क्षेत्रों में लगातार प्रगति कर रहा है। ये इस बात का सबूत है कि भारत एशियाई खेलों में 72 साल पुराना इतिहास बदलने जा रहा है । इस साल के एशियाई खेलों में भारत के 100 पदक सुनिश्चित हो गए हैं, जो कुछ दशकों में नहीं हुआ था। इस साल एशियाई खेलों में 13वें दिन तक भारत की झोली में 95 पदक आ चुके हैं और अलग-अलग स्पर्धाओं में भारत के कम से कम 9 अतिरिक्त पदक भी पक्के हो गए हैं । इसका मतलब है कि भारत इस बार 100 से ज्यादा मेडल जीतने जा रहा है, जो एक नया रिकॉर्ड होगा ।
एशियाई खेलों में भारतीय एथलीटों ने लगातार 13वें दिन अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है । भारत ने अब तक 22 स्वर्ण, 34 रजत और 39 कांस्य पदक सहित कुल 95 पदक जीते हैं। शुक्रवार को भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जापान के खिलाफ शानदार जीत दर्ज कर गोल्ड मेडल जीता । इस जीत के साथ ही भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में अपनी जगह पक्की कर ली है ।
इसके अलावा महिला कबड्डी सेमीफाइनल में भारत ने नेपाल के खिलाफ जीत हासिल की । भारतीय महिलाओं ने सीधे सेटों में 61-17 से जीत हासिल कर फाइनल में जगह पक्की की। इसके चलते भारत ने महिला कबड्डी में भी पदक पक्का कर लिया है । इस तरह भारत ने तीरंदाजी में तीन, कबड्डी में दो, क्रिकेट में एक और बैडमिंटन में एक पदक पक्का कर लिया है। भारत के पुरुष क्रिकेट की बात करें तो भारत ने सेमीफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। अब वहां उनका मुकाबला अफगानिस्तान से होगा । इसके चलते पुरुष क्रिकेट में भारत पहले ही एक मेडल पक्का कर चुका है, वहीं अगर ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली टीम फाइनल में अफगानिस्तान को हरा देती है तो भारत को एक और गोल्ड मेडल मिल जाएगा । आपको बता दें कि महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारत पहले ही गोल्ड मेडल जीत चुका है ।