Gold and Silver Price : आज कीमत में बड़ी गिरावट, जानें 10 ग्राम सोने की लेटेस्ट रेट
सोने-चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट। दिल्ली में शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 350 रुपये गिरकर 63,950 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज ने यह जानकारी दी। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 64,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमतें भी 1,000 रुपये गिरकर 78,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गईं। जबकि इसके पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 79,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
खबरों के मुताबिक, एमसीएक्स वायदा कारोबार में फरवरी का सोना 244 रुपये गिरकर 63,145 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसके अलावा चांदी का मार्च कॉन्ट्रैक्ट 1,166 रुपये की गिरावट के साथ 73,793 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना गिरकर 2,070 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। चांदी भी गिरकर 23.80 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
कॉमेक्स पर सोना हाजिर 2,070 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो अंतरराष्ट्रीय बाजारों में पिछले बंद भाव से 10 डॉलर कम है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि पिछले सत्र में सोने की कीमतें तीन सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंचने के बाद व्यापारियों ने मुनाफा कमाया, जिससे कॉमेक्स पर सोने में गिरावट आई। गांधी ने कहा कि डॉलर के मजबूत होने और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने के कारण भी सोने की कीमतों में गिरावट आई है।