Gold Price Today : नई ऊंचाई छूने को बेताब सोना, छह महीने के हाई पर पहुंचा भाव

0

सोने की कीमत में उछाल देखा जा रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने का दाम 2019 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। घरेलू स्तर पर सोने का रेट 62,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऊपर चल रहा है। मंगलवार को इंटरनेशनल मार्केट में सोने के भाव में आई तेजी का असर भारतीय बाजारों पर देखने को मिल सकता है …

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतों में लगातार उछाल देखा जा रहा है और यह अब छह महीने के उच्च्तम स्तर पर पहुंच गई है। एक तो देश में शादियों का सीजन चल रहा है और उस दौरान सोने के दामों में उछाल देखने को मिल रहा है। ऐसे में शादियों के दौरान जो लोग सोने की ज्वेलरी खरीदने की सोच रहे हैं उन्हें अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी होगी।

सोमवार 27 नवंबर, 2023 को कमजोर अमेरिकी डॉलर के चलते सोने की कीमतें छह महीने के हाई पर जा पहुंची है। सोमवार को वैश्विक स्तर पर गोल्ड का रेट 2019.92 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। इससे पहले 16 मई, 2023 को स्पॉट पर सोने का दाम 2017.82 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया था। 

अमेरिकी सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व अपने मॉनिटरी पॉलिसी में अनुमान से पहले ढिलाई देने की शुरुआत कर सकती है जिसके चलते सोने के दामों में तेज उछाल देखने को मिला है। वहीं दूसरी तरफ ग्लोबल अनिश्चितता, दुनियाभर में कमरतोड़ महंगाई और राजनीतिक तनाव के चलते भी सोने के दामों में तेजी देखी जा रही है। हाल ही में वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि दुनियाभर के सेंट्रल बैंक लगातार सोने की खऱीदारी कर रहे हैं। 

भारत में गुरुनानक जयंती होने के कारण सोमवार 27 नवंबर को सर्राफा बाजार बंद रहा। लेकिन मंगलवार को इंटरनेशनल मार्केट में सोने के भाव में आई तेजी का असर भारतीय बाजारों पर देखने को मिल सकता है। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन के मुताबिक 24 नवंबर को सोने का भाव 61,440 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा था। 

बीते दो महीने में सोने के भाव में जोरदार तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के डेटा के मुताबिक 4 अक्टूबर 2023 सोने का भाव 56,627 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। यानि दो महीने से भी कम समय में सोने के दामों में 4813 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी आ चुकी है। 

सोने की कीमत में तेजी का कारण :

सोने की कीमत में तेजी की वजह अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और यूएस फेड की ओर से मॉनेटरी पॉलिसी में सख्ती को कम करने की उम्मीद को माना जा रहा है। बता दें, अक्सर ऐसा माना जाता है कि जब भी डॉलर में कमजोरी होती है तो सोने की कीमत में उछाल आता है। दुनिया की छह बड़ी करेंसी के सामने अमेरिकी मुद्रा की मजबूती दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स में नवंबर में 3.16 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। 

चांदी में भी तेजी :

चांदी कीमतों में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी देखी जा रही है। चादी की कीमत 1.4 प्रतिशत बढ़कर 24.65 डॉलर प्रति औंस पर चल रही है। वहीं, घरेलू स्तर पर चांदी का रेट 77,200  रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है। 

घरेलू स्तर पर सोने की कीमत :

घरेलू स्तर पर सोने की कीमत में तेजी देखी जा रही है। गुड रिटर्न्स के मुताबिक, 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने का रेट 62,560 रुपये पर चल रहा है। 22 कैरेट सोने का रेट 57,350 रुपये प्रति 10 ग्राम पर चल रहा है। वहीं, 18 कैरेट सोने का दाम 46,920 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास चल रहा है। 

Leave A Reply

Your email address will not be published.