महिला प्रीमियर लीग के अगले सीज़न के लिए नीलामी 9 दिसंबर को रखा गया है। नीलामी संभवत: मुंबई में दोपहर 2.30 बजे शुरू होगी। स्थान और समय की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। इस नीलामी के लिए कुल 165 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से केवल 30 खिलाड़ियों के ही नीलामी में चमकने की उम्मीद है। ऐसा इसलिए है क्योंकि महिला प्रीमियर लीग की पांच फ्रेंचाइजी के पास केवल 30 स्लॉट उपलब्ध हैं।
नीलामी सूची में पंजीकृत 165 खिलाड़ियों में से 104 खिलाड़ी भारतीय और 61 विदेशी खिलाड़ी हैं। विदेशी खिलाड़ियों में 15 खिलाड़ी एसोसिएट देशों के हैं। नीलामी सूची में शामिल इन खिलाड़ियों में 56 खिलाड़ी कैप्ड हैं यानी अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जबकि 109 खिलाड़ियों (अनकैप्ड) के पास कोई अंतरराष्ट्रीय अनुभव नहीं है । नीलामी में शामिल खिलाड़ियों का बेस प्राइस 10 लाख से 50 लाख तक है. 50 लाख बेस प्राइस में सिर्फ दो खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, 40 लाख के बेस प्राइस में चार खिलाड़ी हैं। इसके बाद 30, 20 और 10 लाख के बेस प्राइस में भी खिलाड़ियों की भरमार है।
महिला प्रीमियर लीग में पाँच टीमें हैं। प्रत्येक टीम में अधिकतम 18 खिलाड़ी हो सकते हैं। विदेशी खिलाड़ियों की अधिकतम संख्या 6 है। इस तरह पांचों फ्रेंचाइजी में खिलाड़ियों के लिए कुल स्लॉट की संख्या 90 है। इनमें से 60 स्लॉट पहले ही रिटेन किए गए खिलाड़ियों से भर चुके हैं। ऐसे में इस हफ्ते की नीलामी के लिए इन फ्रेंचाइजियों के पास सिर्फ 30 स्लॉट ही उपलब्ध हैं। इन 30 स्लॉट के लिए पांचों फ्रेंचाइजियों को कुल 17.65 करोड़ रुपये मिलेंगे।
बता दें कि हर फ्रेंचाइजी के ऑक्शन पर्स की अधिकतम सीमा 13.5 करोड़ है. इस रकम का ज्यादातर हिस्सा फ्रेंचाइजी रिटेन खिलाड़ियों में खर्च कर चुकी है. अब हर टीम के पास कितनी रकम बची है और कितने स्लॉट्स खाली हैं? यहां जानें…
फ्रेंचाइजी | रिटेन प्लेयर्स | कुल खर्च | खाली स्लॉट्स | बची रकम |
DC | 15 | 11.25 | 3 | 2.25 |
GG | 8 | 7.55 | 10 | 5.95 |
MI | 13 | 11.4 | 5 | 2.1 |
RCB | 11 | 10.15 | 7 | 3.35 |
UPW | 13 | 9.5 | 5 | 4 |
कुल | 60 | 49.85 | 30 | 17.65 |